डायल-112 टीम पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जवान पर लोहे की रॉड से किया था हमला

0

 

डायल-112 टीम पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जवान पर लोहे की रॉड से किया था हमला


उत्तम साहू,धमतरी। शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और डायल-112 टीम पर हमला करने वाले आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस जवानों के साथ मारपीट करने के साथ ही शासकीय वाहन में भी तोड़फोड़ की थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे डायल-112 पायथन-02 टीम को सतनामी गली, दानीटोला क्षेत्र में मारपीट और विवाद की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कुछ लोग महिलाओं के साथ विवाद और गाली-गलौज कर रहे थे। पुलिस द्वारा समझाइश देकर शांति व्यवस्था कायम करने का प्रयास किया गया, लेकिन इस दौरान आरोपी राहुल जोशी और चंद्रशेखर रात्रे उर्फ बंटी सहित अन्य साथियों ने पुलिस दल के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।

आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा कर्तव्य निर्वहन कर रहे जवानों के साथ हाथ-मुक्कों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में डायल-112 में पदस्थ आरक्षक खिलेश कुमार ध्रुव घायल हो गए। इसके अलावा आरोपियों ने शासकीय वाहन क्रमांक CG-03-A-1313 में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की।

मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी राहुल जोशी (24 वर्ष), निवासी दानीटोला, धमतरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !