जल अर्पण दिवस पर मरादेव पहुंचे अतिरिक्त सचिव कमल किशोर सोन
जल जीवन मिशन से ग्रामीण जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन, जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
सरपंच, जल वाहिनी एवं पंप ऑपरेटरों को अभिनंदन पत्र देकर किया सम्मानित
उत्तम साहू,धमतरी, 12 जून 2026। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं जल जीवन मिशन के मिशन संचालक श्री कमल किशोर सोन ने आज धमतरी जिले के ग्राम पंचायत मरादेव के आश्रित ग्राम मरादेव में आयोजित ‘जल अर्पण दिवस’ कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, छत्तीसगढ़ जल जीवन मिशन के मिशन संचालक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता सुश्री आशालता गुप्ता, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त सचिव श्री कमल किशोर सोन ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जल की गुणवत्ता, नियमित आपूर्ति और जल स्रोतों की स्थिरता सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने वर्षा जल संचयन, भू-जल संवर्धन और जल संरक्षण गतिविधियों को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि जल संरक्षण में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। श्री सोन ने प्रत्येक गांव में स्थानीय युवाओं को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित कर जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में शामिल करने तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान श्री सोन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों, जल वाहिनी सदस्यों एवं पंप ऑपरेटरों को अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
धमतरी में ‘हर घर जल’ अभियान को मिली उल्लेखनीय सफलता
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों और ‘हर घर जल’ अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रदाय योजनाओं के सफल संचालन के लिए ग्राम स्तर पर सहभागितापूर्ण व्यवस्था विकसित की गई है। ग्रामीण नियमित रूप से जल कर का भुगतान कर रहे हैं तथा योजनाओं के संचालन के लिए पंप ऑपरेटरों की नियुक्ति की गई है, जिससे निर्धारित समय पर घर-घर जल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।
कलेक्टर ने बताया कि धमतरी जिले में ऑनलाइन जल कर संग्रहण व्यवस्था भी सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। वहीं सिर्री समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से जिले के 86 गांवों में सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिलाओं का श्रम घटा, स्वास्थ्य में हुआ सुधार
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जल जीवन मिशन केवल एक आधारभूत सुविधा नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता सुधारने का महत्वपूर्ण अभियान है। इससे महिलाओं और बच्चों के श्रम एवं समय की बचत हुई है, स्वास्थ्य में सुधार आया है और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों ने साझा किए बदलाव के अनुभव
मरादेव की सरपंच श्रीमती शीला महेश सविता ने कहा कि जल जीवन मिशन से गांव की तस्वीर बदल गई है। पहले महिलाओं को दूर-दूर तक पानी लाने जाना पड़ता था, लेकिन अब घर-घर नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे समय की बचत हुई है और परिवार की देखभाल के लिए अधिक समय मिल रहा है।
वहीं दरभा की सरपंच श्रीमती पूजा साहू ने बताया कि नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार आया है तथा जलजनित बीमारियों में कमी देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने वाली पहल साबित हुई है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए जल जीवन मिशन से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

