फरसियां में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन: 276 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण,

0

 

फरसियां में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन: 276 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, 

टीबी मुक्त अभियान के लिए हैंडहेल्ड एक्स-रे सेवा का शुभारंभ



उत्तम साहू,नगरी।
ग्राम फरसिया में शनिवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा टीबी से जुड़ी भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करना रहा।

कार्यक्रम में भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मिशन संचालक श्रीमती आराधना पटनायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सर्वा विशेष अतिथि तथा स्वास्थ्य संचालक एवं मिशन संचालक श्री संजीव झा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

शिविर में कुल 276 लोगों का पंजीयन किया गया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, फूड बास्केट तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिशुवती माताओं को पोषण आहार किट वितरित की गई। साथ ही टीबी मरीजों की सहायता करने वाले निक्षय मित्रों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति

कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन का शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मी अब दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर सीधे फील्ड स्तर पर छाती का एक्स-रे कर सकेंगे और संवेदनशील वर्गों (वल्नरेबल ग्रुप) में टीबी की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया। इनमें स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. नेताम, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. खेमराज देवांगन, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.पी. दीवान, फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. वासनी तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका साहू शामिल रहीं। चिकित्सकों द्वारा कई विशेष और जटिल मामलों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया शिविर का उद्देश्य

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. यू.एल. कौशिक ने बताया कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य टीबी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा बीमारी से जुड़े सामाजिक भेदभाव और भ्रांतियों को दूर करना है। वहीं बीएमओ नगरी डॉ. डी.एन. सोम ने कहा कि शिविर में टीबी जांच के साथ-साथ सामान्य रोगों की जांच और उपचार भी किया गया तथा आयुष विभाग की सेवाओं का लाभ भी लोगों को उपलब्ध कराया गया।

एक नजर में शिविर की उपलब्धियां

बीपीएम हितेंद्र कुमार साहू ने बताया कि शिविर में कुल 276 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें—

  • 183 लोगों के लैब परीक्षण किए गए।
  • 143 लोगों का चेस्ट एक्स-रे किया गया।
  • एक्स-रे जांच में 23 व्यक्ति टीबी के संदिग्ध पाए गए।
  • 45 लोगों की नेत्र जांच की गई।
  • 10 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए।
  • 70 लोगों को आयुष सेवाओं का लाभ मिला।
  • 20 लोगों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया गया।
  • 53 महिलाओं ने स्त्री रोग ओपीडी में परामर्श लिया।
  • 37 बच्चों का शिशु रोग ओपीडी में परीक्षण किया गया।

विभिन्न विभागों का मिला सहयोग

कार्यक्रम में एसडीएम नगरी श्रीमती प्रीति दुर्गम, एसपीएम डॉ. प्रदीप टंडन, राज्य टीबी अधिकारी डॉ. मेश्राम, डीपीएम डॉ. प्रिय कंवर, जनपद पंचायत सीईओ श्री रोहित बोर्झा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सोमेंद्र साहू तथा ग्राम फरसिया के सरपंच सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिविर के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत, राजस्व विभाग, हाई स्कूल फरसिया, पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री कैलाश सोन ने किया।

ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न विभागों के समन्वय से आयोजित यह आयुष्मान आरोग्य शिविर स्वास्थ्य जागरूकता और टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !