धमतरी में गौवंश वध और गौमांस बिक्री का मामला: कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू,धमतरी, 13 जून 2026। धमतरी पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने गौवंश के अवैध वध एवं गौमांस बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में विवादित मांस, मांस काटने के उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के साल्हेवारपारा (गाड़ापारा) क्षेत्र में एक व्यक्ति गौवंश के मांस को काटकर बिक्री के लिए तैयार कर रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदेही व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
मौके की तलाशी के दौरान विभिन्न प्लास्टिक बोरियों में रखा गया भारी मात्रा में विवादित मांस, गौवंश का पैर तथा मांस काटने में प्रयुक्त धारदार लोहे के उपकरण एवं लकड़ी का गुटका बरामद किया गया। विधिवत तौल कराने पर कुल 88.340 किलोग्राम गौमांस बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से 04 नग लोहे के सत्तू, 01 लकड़ी का गुटका, प्लास्टिक त्रिपाल तथा अन्य सामग्री भी जब्त की। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने लगातार खोजबीन कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतराम बघेल (43 वर्ष), निवासी साल्हेवारपारा, धमतरी के रूप में हुई है। पूछताछ एवं मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए तथा अपराध से प्राप्त 300 रुपये नगद भी जब्त किए।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 299 एवं 325 बीएनएस तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों, गौवंश तस्करी और प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

