मगरलोड पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त
उत्तम साहू,मगरलोड, 13 जून 2026। धमतरी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम बोदल बाहरा स्थित घाट मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान दो अलग-अलग प्लास्टिक जरीकेनों में 10-10 लीटर कुल 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीहूराम लहरे (30 वर्ष) एवं पकेश्वर लहरे (30 वर्ष) निवासी ग्राम जामली, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 K 6320 की कीमत लगभग 18 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 22 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
मगरलोड थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 102/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

