बोरियों में बंद मिली लाश..डॉग स्क्वायड और एफएसएल जांच में जुटी

0

 

बोरियों में बंद मिली लाश..डॉग स्क्वायड और एफएसएल जांच में जुटी



सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तीवरागुड़ी के सरनापारा में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने बिजली खंभे के पास पड़े दो संदिग्ध बोरों में एक व्यक्ति का शव देखा। देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े बोरों पर पड़ी। शुरुआत में उन्हें सामान्य सामान होने का अंदेशा था, लेकिन जब करीब जाकर देखा गया तो भीतर एक व्यक्ति का शव मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और तत्काल इसकी सूचना गांव के पूर्व सरपंच तथा रामानुजनगर पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से बोरे में भरकर यहां फेंका गया होगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

सबसे बड़ी चुनौती फिलहाल मृतक की पहचान है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों और समय का खुलासा होने की उम्मीद है।

फिलहाल सरनापारा में मिले इस रहस्यमयी शव ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !