सिहावा विधायक अंबिका मरकाम के प्रयासों से केरेगांव-गट्टासिल्ली मार्ग पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण को मिली बड़ी मंजूरी
उत्तम साहू नगरी/सिहावा। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के विकास को एक और बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग करेगांव-गधसिल्ली मार्ग पर सेंदुर नदी में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य को छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए लगभग 9 करोड़ 60 लाख 20 हजार रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में इस कार्य के लिए 6 करोड़ 62 लाख 61 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन लागत गणना में संशोधन के बाद वित्त विभाग की सहमति से राशि बढ़ाकर 9.60 करोड़ रुपये से अधिक कर दी गई है। इससे अब परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम को दिया जा रहा है, जिन्होंने लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर इस जनहितैषी मांग को प्राथमिकता दिलाई। विधायक मरकाम ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए पुल निर्माण के लिए लगातार पत्राचार और विभागीय अधिकारियों से चर्चा की थी। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सेंदुर नदी में जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन प्रभावित हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों तथा आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुल निर्माण होने से न केवल वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क और पुल-पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद हजारों ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इस स्वीकृति की खबर मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है। लोगों ने मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ विधायक अंबिका मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।

