घर में चल रहा था गांजा बेचने का कारोबार, महिला गिरफ्तार; 1.150 किलो गांजा, नकदी और मोबाइल जब्त सिहावा पुलिस की कार्रवाई

0

 

घर में चल रहा था गांजा बेचने का कारोबार, महिला गिरफ्तार; 1.150 किलो गांजा, नकदी और मोबाइल जब्त.. सिहावा पुलिस की कार्रवाई 



उत्तम साहू 

धमतरी। धमतरी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम गिधावा से एक महिला को अवैध गांजा बेचते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 1.150 किलोग्राम गांजा, गांजा बिक्री से प्राप्त नकदी और एक की-पैड मोबाइल फोन सहित कुल 49,650 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। महिला गांजा रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पुलिस ने मौके से 46 हजार रुपये मूल्य का गांजा, 2,650 रुपये नकद तथा एक की-पैड मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 49,650 रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार महिला की पहचान धनेश्वरी साहू (39 वर्ष), पति कोमल साहू, निवासी ग्राम गिधावा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !