आम बीनने गए मासूमों पर टूटा कहर: आकाशीय बिजली ने तीन जिंदगियां खत्म, गांव में पसरा मातम
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमकी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे पहुंचे दो मासूम बच्चों और बारिश से बचने के लिए वहीं खड़े एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी और बारिश शुरू होते ही गांव निवासी रामसाय (36 वर्ष), जो प्राथमिक शाला के पास मवेशी चरा रहा था, बचाव के लिए एक आम के पेड़ के नीचे आकर खड़ा हो गया। इसी दौरान 5 वर्षीय सागर आम बीनने पहुंचा और कुछ देर बाद 9 वर्षीय रानी भी वहां आ गई। दोनों बच्चे आम इकट्ठा कर ही रहे थे कि बारिश तेज हो गई और वे भी उसी पेड़ के नीचे आकर खड़े हो गए।
तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी। बिजली की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीण तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बताया गया कि मृत बालिका रानी मूल रूप से ग्राम दुप्पी की रहने वाली थी और रिश्तेदारों के यहां डुमकी आई हुई थी, जबकि सागर और रामसाय डुमकी गांव के निवासी थे।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि मौसम इतनी तेजी से बदला कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। यह घटना एक बार फिर खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने के खतरों की याद दिलाती है।

