नशे के सौदागरों पर धमतरी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, तीन दिन में 18 आरोपी गिरफ्तार
एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में लगातार तीसरे दिन कार्रवाई, 16 आबकारी प्रकरण दर्ज
उत्तम साहू
धमतरी, 03 जून 2026। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के सख्त निर्देशों के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री और परिवहन करने वालों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को कुरूद और भखारा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग आबकारी प्रकरणों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन दिनों के भीतर जिलेभर में आबकारी अधिनियम के कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 18 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
भखारा में शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार
थाना भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध रूप से शराब परिवहन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत 12 हजार 800 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सेमरा-बी निवासी नीलमणी साहू (47 वर्ष) और सुपेला भखारा निवासी सोमनाथ गाड़ा (44 वर्ष) शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कुरूद में शराब बेचते आरोपी रंगे हाथ पकड़ाया
वहीं थाना कुरूद पुलिस ने रामसागर तालाब के पास अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 14 पौवा देशी शराब, बिक्री रकम और अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,370 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम उर्फ पार्षद बंजारे (27 वर्ष), निवासी चंडीपारा कुरूद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
"नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अवैध कारोबारियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।" पुलिस की इस सख्ती से जिले में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

