धमतरी की तस्वीर बदलेगी: फोरलेन सड़कों और चौपाटी से शहर को मिलेगा नया स्वरूप
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण, यातायात सुविधा और नागरिक मनोरंजन को मिलेगा नया आयाम
उत्तम साहू
धमतरी, 03 जून 2026। धमतरी को आधुनिक, व्यवस्थित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। शहर में प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजनाओं और कांटा तालाब परिसर में विकसित हो रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करेंगी, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सड़क किनारे आवश्यक पेड़ों की कटाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है और निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। संभावना है कि जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य तेज गति से शुरू हो जाएगा।
इसी तरह सिहावा चौक से कुल्यारी तक लगभग 5 किलोमीटर सड़क को भी फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि इन परियोजनाओं से शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
विशेष बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए पाथ-वे विकसित किए जाएंगे। साथ ही भविष्य में पेयजल पाइपलाइन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि बाद में सड़क खोदने की जरूरत न पड़े और सार्वजनिक धन व समय की बचत हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कांटा तालाब परिसर में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही चौपाटी परियोजना का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह स्थल शहरवासियों के लिए मनोरंजन, अवकाश और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। चौपाटी को आकर्षक और सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक सड़क मार्ग तथा नए प्रवेश द्वार के निर्माण पर भी चर्चा की गई। इसके लिए निजी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर सहमति बनाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि अधोसंरचना विकास से जुड़े ऐसे कार्य धमतरी को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य उन्मुख शहर के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों को मिलेगा और शहर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा, नगर निगम के उपायुक्त पी.सी. सर्वा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

