CGPSC मेन्स का काउंटडाउन शुरू: 4 दिन, 7 पेपर और हजारों सपनों की परीक्षा

0

 CGPSC मेन्स का काउंटडाउन शुरू: 4 दिन, 7 पेपर और हजारों सपनों की परीक्षा



रायपुर। छत्तीसगढ़ की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 6 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में हजारों अभ्यर्थी अपने प्रशासनिक अधिकारी बनने के सपने को साकार करने के लिए परीक्षा देंगे।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार मुख्य परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।

चार दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की विश्लेषण क्षमता, लेखन कौशल और प्रशासनिक समझ की कड़ी परीक्षा होगी। 6 जून को भाषा एवं निबंध, 7 जून को सामान्य अध्ययन-I एवं II, 8 जून को सामान्य अध्ययन-III एवं IV तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-V का प्रश्नपत्र आयोजित किया जाएगा।

मुख्य परीक्षा के लिए सरगुजा (अंबिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) और रायपुर में परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र 25 मई 2026 को ही जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केन्द्र पहुंचने तथा सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। खास बात यह है कि आयोग द्वारा किसी भी अभ्यर्थी को अलग से प्रवेश पत्र, सूचना पत्र या SMS नहीं भेजा जाएगा।

अब प्रदेशभर के अभ्यर्थियों की निगाहें 6 जून पर टिकी हैं, जब चार दिनों की इस महत्वपूर्ण परीक्षा के साथ प्रशासनिक सेवा में प्रवेश की अगली चुनौती शुरू होगी।



Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !