सिहावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 18.626 किलो गांजा, कार और मोबाइल सहित 14 लाख की संपत्ति जब्त, फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
उत्तम साहू,धमतरी/नगरी, 12 जून 2026। धमतरी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 किलो 626 ग्राम गांजा, एक कार और तीन मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। खास बात यह रही कि कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने दिनभर की घेराबंदी और सघन तलाश के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के बोलांगीर और भवानीपटना क्षेत्र से गांजा लेकर एक सफेद रंग की अमेज कार (एमएच-27-डीटी-0319) महाराष्ट्र की ओर जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार मिले, जो परिवार बनकर यात्रा कर रहे थे। जांच में वाहन की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप में पैक 18 पैकेटों में कुल 18.626 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपियों से गांजा परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा से खरीदकर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से गांजा, अमेज कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर कुल लगभग 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति अपने कब्जे में ली। मामले में प्रवीण रविन्द्र दुबे (34 वर्ष), सोनू प्रवीण खैरकार (29 वर्ष) तथा पलाश गजभिए (32 वर्ष), सभी निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), को गिरफ्तार कर थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
अस्पताल से फरार हुआ आरोपी, शाम तक फिर गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए हथकड़ी ढीली कर अस्पताल परिसर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस ने जिलेभर में हाई अलर्ट जारी कर विशेष टीमों का गठन किया और नाकाबंदी शुरू की।
लगातार तलाश, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और प्रभावी घेराबंदी के चलते पुलिस ने फरार आरोपी को उसी दिन शाम को पुनः गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
अंतर्राज्यीय नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार मामला केवल गांजा परिवहन तक सीमित नहीं है। आरोपियों के तार एक बड़े अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है।
छह सप्ताह में सात बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने पिछले छह सप्ताह में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार सात बड़ी कार्रवाई कर अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोहों को बड़ा झटका दिया है। हाल के दिनों में सांकरा चेक पोस्ट, मेचका और अर्जुनी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में सैकड़ों किलो गांजा और करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
विशेष रूप से 7 जून 2026 को अर्जुनी पुलिस द्वारा 490.818 किलोग्राम गांजा तथा लगभग 2.60 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति की जब्ती को जिले की पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय पुलिसिंग के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

