कांकेर..तालाब गहरीकरण के दौरान कहर बनकर टूटी बिजली, मनरेगा कार्यस्थल पर 3 ग्रामीणों की दर्दनाक मौत
कांकेर। अंतागढ़ विकासखंड के कलगांव में मनरेगा कार्य के दौरान प्रकृति का ऐसा कहर टूटा कि खुशहाली के लिए चल रहा काम पल भर में मातम में बदल गया। तालाब गहरीकरण कार्य में जुटे ग्रामीणों पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत गांव के तालाब का गहरीकरण किया जा रहा था। लगभग 70 ग्रामीण कार्यस्थल पर मौजूद थे। दोपहर के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। ग्रामीण संभल पाते, इससे पहले ही आसमान से गिरी तेज बिजली ने आठ लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन पुरुषों को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच घायल महिलाओं का उपचार जारी है। इनमें से एक महिला की हालत बेहद गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे कलगांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ओर मनरेगा के माध्यम से रोजगार और विकास का कार्य चल रहा था, वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक सहायता और राहत कार्य शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

