देह व्यापार का भंडाफोड़, मकान पर छापेमारी में 6 गिरफ्तार
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि अतरमुड़ा क्षेत्र स्थित एक मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीएसपी, साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में मकान का उपयोग देह व्यापार के लिए किए जाने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA Act) के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं या नहीं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

