धमतरी में पहली बार गूंजी बड़ी रेल लाइन की आहट, स्टेशन पर उमड़ा उत्साह, सपना साकार होने के करीब
दरअसल, धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन परियोजना अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। रेलवे द्वारा ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच के लिए टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी सिलसिले में ट्रेन के धमतरी स्टेशन पहुंचने से पूरे शहर में उत्साह की लहर दौड़ गई।
जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि बड़ी रेल लाइन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और फिलहाल पटरियों की तकनीकी जांच जारी है। आगामी दिनों में ट्रायल रन कराया जाएगा। यदि सभी परीक्षण सफल रहते हैं तो स्वतंत्रता दिवस के आसपास इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ किए जाने की संभावना है।
विकास की नई रफ्तार देगा रेल मार्ग
अभनपुर से धमतरी होते हुए रायपुर तक जुड़ने वाली लगभग 70 किलोमीटर लंबी बड़ी रेल लाइन जिले के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी। इसके शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलेगी। वहीं किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
आधुनिक सुविधाओं से सजेगा स्टेशन
रेलवे स्टेशन को भी नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आरक्षण काउंटर, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं और अन्य यात्री सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक अनुभव मिल सके।
लोगों की आंखों में दिखा वर्षों का इंतजार
स्टेशन पर जुटी भीड़ और लोगों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी यह बताने के लिए काफी थी कि बड़ी रेल लाइन सिर्फ एक रेलवे परियोजना नहीं, बल्कि धमतरी के विकास, रोजगार, व्यापार और नई संभावनाओं की उम्मीदों से जुड़ा सपना है। ट्रेन की गूंजती सीटी ने यह संकेत दे दिया है कि अब वह दिन दूर नहीं, जब धमतरी से बड़ी रेल लाइन पर नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू होगा और जिले की पहचान प्रदेश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगी।

