मैनपुर..पति-पत्नी की हत्या कर श्मशान में दफनाया शव, एक सप्ताह बाद हुआ सनसनीखेज खुलासा
गरियाबंद, 12 जून। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में पुरानी रंजिश के चलते एक पति-पत्नी की निर्मम हत्या कर उनके शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया। घटना का खुलासा करीब एक सप्ताह बाद तब हुआ, जब ग्रामीणों को श्मशान घाट में संदिग्ध तरीके से दफनाए गए शवों की जानकारी मिली। मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान ग्राम गरीबा निवासी राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक दंपति के पड़ोस में रहने वाले लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को मामले में गिरफ्तार किया गया है। शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि 6 जून को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने राजाराम नेताम और उनकी पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को चुपचाप गांव के श्मशान घाट में दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके।
मामले का खुलासा तब हुआ जब हाल ही में गांव के एक अन्य व्यक्ति के निधन के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें दो अलग-अलग स्थानों पर हाल ही में दफनाए गए शवों के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों को यह बात संदिग्ध लगी क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति की सामान्य मृत्यु नहीं हुई थी।
इसी दौरान ग्रामीणों को पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। संदेह गहराने पर ग्रामीणों ने शोभा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और श्मशान घाट में दफन शवों को बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा हत्या के पीछे की रंजिश और अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है।

