नीट-2026 परीक्षा को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

0

 

नीट-2026 परीक्षा को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था



उत्तम साहू,धमतरी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस ने जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं सुरक्षा, यातायात और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए केंद्रों के भीतर और बाहर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल, अफवाह, भीड़भाड़ या संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए विशेष पेट्रोलिंग टीमों को लगातार सक्रिय रखा गया है, जबकि सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। अभ्यर्थियों और उनके पालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पार्किंग, वाहन संचालन और भीड़ नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए पुलिस बल को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर जिले में होटल, लॉज, ढाबा और बस स्टैंड जैसे स्थानों की लगातार जांच की जा रही है, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति जिले में प्रवेश न कर सके। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रवेश-निकास व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, चेकिंग व्यवस्था, पुलिस तैनाती और यातायात प्रबंधन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर पूर्व में पुलिस-प्रशासन की समन्वय बैठक भी आयोजित की जा चुकी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक ब्रीफिंग दी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धमतरी पुलिस ने अभ्यर्थियों, पालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस अथवा कंट्रोल रूम को दें, ताकि परीक्षा का आयोजन सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर पवन कुमार प्रेमी, नीट परीक्षा सिटी कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार विद्यार्थी, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, थाना प्रभारी धमतरी, डीएसबी प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !