शहरों के रखरखाव को मिली रफ्तार, प्रदेश के नगरीय निकायों को 22.06 करोड़ की आपात निधि जारी
मरम्मत एवं संधारण कार्यों के लिए पहली तिमाही की राशि जारी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर हुई कार्रवाई
रायपुर। प्रदेश के शहरों में सड़क, नाली, सार्वजनिक भवनों सहित अन्य आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्यों को गति देने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) के लिए 22 करोड़ 6 लाख रुपए की आपात निधि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को जारी कर दी है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव के निर्देश पर संचालनालय द्वारा यह राशि सीधे संबंधित नगरीय निकायों को हस्तांतरित की गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर जरूरी मरम्मत और रखरखाव के कार्य बिना किसी विलंब के पूरे किए जा सकें।
जारी राशि में प्रदेश के 14 नगर निगमों को 13 करोड़ 76 लाख रुपए, 56 नगर पालिकाओं को 5 करोड़ 18 लाख रुपए तथा 124 नगर पंचायतों को 3 करोड़ 66 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग का कहना है कि इस आपात निधि से नगरीय निकायों को त्वरित मरम्मत एवं संधारण कार्यों में मदद मिलेगी। इससे नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहरी क्षेत्रों में आवश्यक विकास एवं रखरखाव कार्य समय पर पूरे किए जा सकेंगे।

