30 जून तक सभी शासकीय विद्यालयों में पहुंचेंगी पाठ्यपुस्तकें

0

 

30 जून तक सभी शासकीय विद्यालयों में पहुंचेंगी पाठ्यपुस्तकें

शिक्षा सत्र को गति देने प्रशासन सक्रिय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने वितरण कार्य तेज

गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में भी 10 जुलाई तक नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण होगा पूर्ण



उत्तम साहू,धमतरी, 26 जून 2026। नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के सुचारु संचालन और विद्यार्थियों को समय पर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग पूरी सक्रियता के साथ पाठ्यपुस्तकों के वितरण कार्य में जुटा हुआ है। जिले के अधिकांश संकुल केंद्रों तक पुस्तकें पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष सभी संकुलों में 30 जून तक पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को समय पर नई पुस्तकें मिलें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो।

जिला शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के 168 संकुल केंद्रों में से 123 संकुलों तक पाठ्यपुस्तकों का वितरण पूरा हो चुका है। शेष 45 संकुलों में भी वितरण कार्य अंतिम चरण में है। छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम से लगातार पुस्तकों की आपूर्ति हो रही है तथा पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है।

इस शिक्षा सत्र में कक्षा चौथी एवं सातवीं के पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नई पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को नवीन पाठ्यक्रम के अनुसार प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में नई पुस्तकें पहुंचने की प्रक्रिया जारी है, वहां विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जा रही है। शिक्षक उपलब्ध पुस्तकों, वैकल्पिक शैक्षणिक सामग्री एवं अभ्यास पुस्तिकाओं के माध्यम से नियमित रूप से कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।

विभाग ने बताया कि पीएमश्री एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की कुछ पाठ्यपुस्तकें अभी पाठ्यपुस्तक निगम से प्राप्त होना शेष हैं। पुस्तकों के प्राप्त होते ही उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विद्यालयों में वितरित किया जाएगा।

इधर, गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के लिए कक्षा 1 से 10 तक की हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम की नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण हेतु संशोधित कार्ययोजना जारी कर दी गई है। इसके तहत कुरूद विकासखंड में 5 एवं 6 जुलाई, धमतरी में 7 से 9 जुलाई, तथा मगरलोड एवं नगरी विकासखंड में 7 एवं 8 जुलाई को संबंधित डिपो से पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 जुलाई तक सभी विद्यालयों को पुस्तकों की आपूर्ति पूर्ण कर ली जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक विद्यार्थी तक समय पर पाठ्यपुस्तक पहुंचाना और शिक्षा सत्र को निर्बाध रूप से संचालित करना है। इसके लिए शिक्षा विभाग एवं छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के बीच सतत समन्वय स्थापित कर वितरण कार्य में तेजी लाई गई है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि पाठ्यपुस्तकों से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए वे अपने संकुल केंद्र, विकासखंड शिक्षा कार्यालय अथवा जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क करें। प्रशासन प्रत्येक छात्र-छात्रा तक समयबद्ध रूप से पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !