सेवा सेतु बना आमजन का भरोसेमंद साथी, घर बैठे मिली शासकीय सेवाओं की सुविधा
डिजिटल पहल से समय, श्रम और धन की बचत, कु. लोमेश्वरी साहू ने साझा किया सकारात्मक अनुभव
उत्तम साहू
धमतरी, 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया सेवा सेतु पोर्टल लोगों के लिए भरोसेमंद डिजिटल माध्यम बनकर उभरा है। इस पोर्टल के जरिए नागरिक घर बैठे विभिन्न प्रमाण-पत्रों सहित अनेक शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय सीमा में उनका लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कुरूद तहसील के ग्राम करेली निवासी कु. लोमेश्वरी साहू सेवा सेतु की इस सुविधा से लाभान्वित होने वाले नागरिकों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पहले जाति प्रमाण-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए तहसील कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। कई बार आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी के अभाव में प्रक्रिया और भी जटिल हो जाती थी।
उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे जाति प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया, आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए और आवेदन की स्थिति को भी ऑनलाइन ट्रैक करती रहीं। निर्धारित समयावधि में उन्हें उनका जाति प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ, जिसे एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह ने प्रदान किया।
कु. लोमेश्वरी साहू का कहना है कि सेवा सेतु ने शासकीय सेवाओं को पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बना दिया है। अब नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते और आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से समय, श्रम और आवागमन पर होने वाले खर्च की भी बचत होती है।
उनका अनुभव इस बात का प्रमाण है कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार संभव है। सेवा सेतु पोर्टल आज नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराते हुए "जनता के द्वार, डिजिटल सरकार" की अवधारणा को साकार कर रहा है। यह पहल सुशासन और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

