धमतरी में 24 घंटे के भीतर तीन फांसी के मामले, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवकों की मौत से सनसनी

0

धमतरी में 24 घंटे के भीतर तीन फांसी के मामले, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवकों की मौत से सनसनी

मकेश्वर वार्ड, अछोटा और संबलपुर ओवरब्रिज के पास मिले शव, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच



उत्तम साहू,धमतरी। जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर युवकों के फांसी के फंदे पर लटके शव मिलने से सनसनी फैल गई। कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्र में हुई इन घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। तीनों मामलों में फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।


पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड का है, जहां संजू साहू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव में हुई। यहां गोपाल यादव ने कथित रूप से फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया।


तीसरा मामला भी अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। संबलपुर ओवरब्रिज के पास एक पेड़ पर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


जिला अस्पताल के डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए तीन शव लाए गए, जिनमें मकेश्वर वार्ड निवासी संजू साहू, अछोटा निवासी गोपाल यादव तथा संबलपुर ओवरब्रिज के पास मिले अज्ञात युवक का शव शामिल है। तीनों मामलों में मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी मामले में जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएंगे।यदि आप या आपका कोई परिचित आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति, परिवार के सदस्य या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करना मददगार हो सकता है। समय पर सहायता लेना जीवन बचा सकता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !