धमतरी को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात, खुलेगा दूसरा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय

0

धमतरी को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात, खुलेगा दूसरा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय

जनजातीय विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह नि:शुल्क आवासीय शिक्षा, रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

                            उत्तम साहू 

धमतरी, 1 जुलाई। आदिवासी बहुल धमतरी जिले के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने जिले में एक नए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इससे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभावान जनजातीय छात्र-छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण एवं पूर्णतः नि:शुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।


जिले के नगरी विकासखंड के पथररीडीह में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहले से ही अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासित वातावरण, आधुनिक अधोसंरचना और खेल गतिविधियों के कारण प्रदेश के अग्रणी मॉडल विद्यालयों में शामिल है। इसी सफलता और क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए शासन ने जिले में दूसरे विद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया है।


नए विद्यालय में विद्यार्थियों को डिजिटल स्मार्ट क्लास, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान तथा व्यक्तित्व विकास की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चयनित विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, गणवेश, अध्ययन सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक संसाधन भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।


विद्यालय में नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ NEET, JEE, CLAT सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष अकादमिक मार्गदर्शन, अनुभवी शिक्षकों का सहयोग और कैरियर काउंसिलिंग की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा खेल, कला, संस्कृति, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।


इस परियोजना से शिक्षा के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर अध्यापन, छात्रावास संचालन, सुरक्षा, रखरखाव एवं अन्य सहायक सेवाओं में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।


कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि जनजातीय बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को महानगरों जैसी आधुनिक शिक्षा और प्रतिस्पर्धी वातावरण उपलब्ध कराएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।


जिले को मिली इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक सौगात पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया है। माना जा रहा है कि यह नया एकलव्य विद्यालय धमतरी जिले में जनजातीय शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !