धमतरी पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर बड़ा वार, 4 मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार,सभी को जेल भेजे गए
उत्तम साहू,धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत चार अलग-अलग प्रकरणों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध शराब, गांजा, मादक पदार्थ, जुआ और सट्टे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में भखारा, मगरलोड और कुरूद थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
स्कूटी से शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार
थाना भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्रमांक CG 05 AS 9740 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान आरोपी दिनेश साहू और वेद प्रकाश सेन के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब (5.4 बल्क लीटर) बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ करीब 50 हजार रुपये मूल्य की स्कूटी भी जब्त की। कुल 52,400 रुपये की संपत्ति जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
महुआ शराब बेच रही महिला गिरफ्तार
भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम हंचलपुर में अवैध महुआ शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमेश्वरी बंजारे को गिरफ्तार किया। आरोपिया के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1,000 रुपये बताई गई है।
मगरलोड में 9 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
थाना मगरलोड पुलिस को ग्राम परसाबुड़ा कमारपारा पुलिया के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर बलराम कमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 9 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1,800 रुपये आंकी गई है।
कुरूद पुलिस ने मोटरसाइकिल सहित शराब पकड़ा
थाना कुरूद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर नोहर सिंह साहू को पकड़ा। आरोपी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 9842 में अवैध शराब परिवहन कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 पौवा शोले देशी मसाला शराब (7.2 बल्क लीटर) बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में कठोर और निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि या नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हेडलाइन
सब-हेडलाइन
भखारा, मगरलोड और कुरूद पुलिस की कार्रवाई; शराब के साथ स्कूटी और मोटरसाइकिल भी जब्त, सभी आरोपी जेल भेजे गए




