धमतरी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 400 किलो से अधिक गांजा जब्त, कार और पिकअप वाहन से हो रही थी तस्करी
उत्तम साहू,धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस, अर्जुनी थाना और एक विशेष टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए 400 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस मामले में चार से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वनोपज नाके पर चेकिंग के दौरान मिली सफलता
मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वनोपज नाके के पास की गई। पुलिस टीम नाके पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जगदलपुर की ओर से आ रहे दो वाहनों—एक कार और एक पिकअप—को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजे की खेप बरामद हुई।
फोम और कंबलों के नीचे छिपाया था गांजा
तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने और चकमा देने के लिए गांजे को बेहद शातिराना तरीके से छिपाया था। पिकअप वाहन में गांजे के पैकेटों को फोम और कंबलों के नीचे दबाकर रखा गया था, ताकि किसी को भनक न लग सके। हालांकि, श्यामतराई नाके के पास जब पुलिस ने वाहनों को रोककर बारीकी से तलाशी ली, तो तस्करों की यह चालाकी धरी की धरी रह गई।
96 पैकेटों में पैक थी खेप, चार से अधिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जब पूरी खेप की गिनती की, तो कुल 96 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 400 किलो से अधिक गांजा भरा हुआ था। तस्कर इस खेप को जगदलपुर से रायपुर की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने मामले में चार से अधिक आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया है।
जल्द होगा बड़ा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए संदिग्धों से गांजे के स्रोत (सोर्स), उसके सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों के बारे में कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, विस्तृत पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद जल्द ही इस पूरे मामले का बड़ा खुलासा किया जाएगा।

