समृद्ध समाज ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत शक्ति : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
चन्द्रनाहू कुर्मी-क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं,
छाती-झूरानवागांव सड़क, हायर सेकेंडरी भवन और सामाजिक भवन के लिए भूमि देने का ऐलान
ं
उत्तम साहू,धमतरी, 7 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संगठित, शिक्षित और संस्कारित समाज ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होता है। उन्होंने चन्द्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय अधिवेशन में शामिल होते हुए समाज की गौरवशाली परंपराओं, संगठन क्षमता और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान की सराहना की।
ग्राम छाती स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी-क्षत्रिय समाज प्रदेश के अग्रणी और प्रगतिशील समाजों में शामिल है। यह समाज शिक्षा, कृषि, प्रशासन, राजनीति, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर विकास की नई मिसाल कायम कर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने छाती से झूरानवागांव तक सड़क निर्माण, ग्राम छाती को भविष्य में नगर पंचायत का दर्जा देने की प्रक्रिया प्रारंभ करने, नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण तथा नवा रायपुर में समाज के सामाजिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणाओं का उपस्थित जनसमुदाय ने जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और नवाचार के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग जनकल्याण के लिए करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में प्रकाशित पुस्तक ‘अद्भुत श्री तुलसी चरितायणम’ का विमोचन किया। साथ ही प्रशासनिक सेवाओं, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और अन्य क्षेत्रों में चयनित अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अधिवेशन केवल सामाजिक आयोजन नहीं होते, बल्कि समाज को संगठित, जागरूक और सशक्त बनाने के प्रभावी मंच होते हैं। समाज जितना मजबूत होगा, राष्ट्र उतना ही समृद्ध और प्रगतिशील बनेगा।
कार्यक्रम में समाज के केंद्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश चंद्राकर ने समाज का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अधिवेशन का 55वां वर्ष है, जो समाज की संगठनात्मक शक्ति और सतत प्रगति का प्रतीक है।
इस अवसर पर विजय बघेल ने समाज के शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए युवाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं और उद्यमिता की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं अजय चंद्राकर ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी शिक्षा, अनुशासन और संगठन शक्ति होती है, जिसे चन्द्रनाहू समाज ने उत्कृष्ट रूप से स्थापित किया है।
कार्यक्रम में ललित चंद्राकर, विनोद चंद्राकर, लालबहादुर चंद्रवंशी, पूनम चंद्राकर, मोतिराम चंद्रवंशी सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
।




