मेचका में 44 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
धमतरी,नगरी,06 जून 2026। धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मेचका क्षेत्र में 44 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, कार, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 15 लाख 2 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मेचका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के भवानीपटना क्षेत्र से एक लाल रंग की हुंडई आई-20 कार (GJ-03-PD-5152) में गांजा लेकर तस्कर धमतरी मार्ग की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 44 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 8.80 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को ओडिशा से गुजरात ले जाकर बेचने की योजना स्वीकार की।
जब्त सामग्री
- 44 किलोग्राम गांजा – कीमत लगभग 8.80 लाख रुपये
- हुंडई आई-20 कार – कीमत लगभग 6 लाख रुपये
- 3 स्मार्ट मोबाइल फोन – कीमत लगभग 15 हजार रुपये
- नगद 7,500 रुपये
कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 15.02 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- समीर खमीसा सिंधी (32 वर्ष), निवासी मोरबी, गुजरात।
- मोहम्मद रफीक (25 वर्ष), निवासी जामनगर, गुजरात।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मेचका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छह सप्ताह में छठी बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने बताया कि पिछले छह सप्ताह के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान सांकरा चेक पोस्ट सहित विभिन्न स्थानों पर 127.09 किलोग्राम, 54.970 किलोग्राम, 37.800 किलोग्राम, 131 किलोग्राम तथा 7.724 किलोग्राम गांजा जब्त कर करोड़ों रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि ओडिशा और महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में निगरानी और सख्त की गई है तथा अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

