कैरियर मार्गदर्शन एवं मोटिवेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन, विद्यार्थियों को मिली भविष्य निर्माण की दिशा
पाली। सातगढ़ कंवर युवा प्रभाग एवं कंवर कल्याण संघ पाली के संयुक्त तत्वावधान में 5 जून 2026 को मंगल भवन (हॉस्पिटल के पीछे), पाली में कैरियर मार्गदर्शन एवं मोटिवेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति माया रूपेश कंवर, कंवर समाज लाफागढ़ के उपाध्यक्ष कंचन पैकरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणराज सिंह कंवर, ग्राम पंचायत मादन की सरपंच सविता पैकरा सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में देव पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उचित कैरियर मार्गदर्शन प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना था। इस अवसर पर प्राचार्य जवाहर पैकरा एवं प्राचार्य महेंद्र कंवर ने विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय, एकलव्य एवं उत्कर्ष विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी, प्रयास विद्यालय का महत्व, कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद विषय चयन और कैरियर के विभिन्न अवसरों सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए शंका समाधान सत्र भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि जागरूकता सत्र भी आकर्षण का केंद्र रहा। कृषि विभाग के उप संचालक देवेंद्रपाल कंवर तथा कृषि महाविद्यालय कटघोरा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. अंजय कंवर ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती, फसल प्रबंधन तथा शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
इस दौरान प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं मार्कशीट फोल्डर प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में युवा प्रभाग के सचिव रूपेश कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं उपाध्यक्ष रविन्द्र कंवर द्वारा विद्यार्थियों को डायरी, पेन एवं मार्कशीट फोल्डर वितरित किए गए। कार्यक्रम को इकाई अध्यक्ष मिलाप पैकरा तथा खाद्य अधिकारी कोरबा संतोष कंवर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सातगढ़ कंवर युवा प्रभाग के अध्यक्ष विजय प्रभात कंवर ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी, युवा प्रभाग के सदस्य, कैरियर मार्गदर्शक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा समाजजन उपस्थित रहे।

