ईंटों से भरे ट्रैक्टर से टकराई बाइक, एक पल में उजड़ गया परिवार: मामा-भांजे की मौत, महिला जिंदगी की जंग लड़ रही
सक्ती। जिले के डभरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर लौट रहे तीन लोगों की बाइक ईंटों से लदे ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि रिश्ते में मामा-भांजे लगने वाले दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोटमी गांव निवासी छोटेलाल बरेठ, संजू बरेठ और लीलावती बरेठ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे लक्ष्मणभांठा के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ईंट लोड ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में संजू बरेठ और छोटेलाल बरेठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों के बीच मामा-भांजे का रिश्ता था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
वहीं बाइक में सवार लीलावती बरेठ गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक एवं ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता की ओर गंभीर संकेत देता है। एक क्षण की दुर्घटना ने दो जिंदगियां छीन लीं और एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।

