अस्पताल से भागा गांजा तस्कर, 7 घंटे तक पुलिस को दौड़ाता रहा… आखिर चुरियारापारा में दबोचा गया
जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी पलाश गजभिए को सिहावा थाना पुलिस ने सांकरा बैरियर के पास एक कार से गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के लिए उसे नगरी अस्पताल लाया गया, जहां मौका पाकर वह पुलिस की निगरानी से निकल भागा।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की गई। पुलिस लगातार इलाके में दबिश दे रही थी और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान चुरियारापारा क्षेत्र से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक एक घर में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। बताया जाता है कि उस समय आरोपी घर में खाना खा रहा था और आगे की योजना बनाने की कोशिश में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
इस पूरी कार्रवाई में स्थानीय नागरिकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके सूचना के आधार पर पुलिस सही स्थान तक पहुंच सकी। वहीं क्षेत्र के मिडिया के लोग भी लगातार खोजबीन और सूचना संकलन में जुटे रहे, जिससे तलाश अभियान को गति मिली।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधी चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, जनता के सहयोग और पुलिस की सतर्कता के सामने ज्यादा देर तक बच नहीं सकते। इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब पुलिस, मीडिया और आम नागरिक मिलकर काम करते हैं तो अपराधियों के लिए बच निकलना मुश्किल हो जाता है।
सात घंटे तक चली इस तलाश के सफल समापन के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। आरोपी को पुनः हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत किया है।

