छत्तीसगढ़: रास्ता देने के विवाद में ASI के बेटे को बोलेरो से कुचला, 6 दिन बाद इलाज के दौरान मौत
कोरबा / रायपुर, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रोड रेज (रास्ता देने को लेकर विवाद) का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ रास्ता देने के मामूली विवाद के बाद बोलेरो सवार युवकों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए ट्रैफिक पुलिस के एएसआई (ASI) के 24 वर्षीय बेटे को गाड़ी से कुचल दिया। घटना के 6 दिनों बाद रायपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई है। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंतोरा का रहने वाला चंद्रमणि रात्रे (24 वर्ष) बाहर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता रामनारायण रात्रे यातायात पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात हैं।
7 जून की रात चंद्रमणि अपने दोस्तों (अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर) के साथ कार में सवार होकर जा रहा था। कोरबा शहर के बुधवारी बाईपास मार्ग पर बोलेरो सवार कुछ युवकों ने जमकर हंगामा मचाया और रास्ता देने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया।
कार से उतरते ही चढ़ा दी बोलेरो
विवाद के दौरान जैसे ही चंद्रमणि रात्रे अपनी कार से नीचे उतरा, वैसे ही बोलेरो ड्राइवर ने स्पीड में गाड़ी उसकी तरफ बढ़ा दी और उसे बुरी तरह कुचल दिया। बोलेरो की चपेट में आने से चंद्रमणि गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बोलेरो सवार आरोपी मौके से फरार होने लगे।
चंद्रमणि को कुचलने के बाद उसके साथियों— अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर ने स्कूटी से आरोपियों की बोलेरो का पीछा किया। हालांकि, हमलावरों ने पीछा कर रहे अरविंद को पकड़ लिया और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया।
इसके बाद युवकों ने मिलकर अरविंद की बेरहमी से पिटाई की। जब अरविंद अधमरा हो गया, तो आरोपी उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। पीड़ित के परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने अरविंद की जेब से करीब 1 लाख रुपये नकद,एक आईफोन (iPhone) सोने की अंगूठी और गले सेसोने की चेन लूट लिए, वारदात को अंजाम देने के 3 दिन बाद आरोपियों की कार लावारिस हालत में बरामद की गई थी।
अस्पताल में तोड़ा दम, लोगों में भारी आक्रोश
घटना में गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि रात्रे और अरविंद राठौर को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अरविंद के हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जबकि चंद्रमणि की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। आखिरकार, 6 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रायपुर के अस्पताल में चंद्रमणि ने दम तोड़ दिया।
चंद्रमणि की मौत के बाद शहर में सामाजिक संगठनों और उसके दोस्तों के बीच भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई: एक नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार
यह पूरा मामला बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक आरोपी नाबालिग है। पकड़े गए बालिग आरोपी की पहचान कपिल कुमार सारथी के रूप में हुई है, जो कटघोरा का रहने वाला है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से वारदात के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच हत्या, अपहरण और लूट के एंगल से कर रही है।

