इन्दू फ्यूचर विंग्स फाउंडेशन की अनूठी पहल: बुजुर्गों को मिला अपना आशियाना, "हमर ठीहा" वृद्धाश्रम का शुभारंभ
उत्तम साहू,नगरी। समाज में बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर देखभाल के उद्देश्य से इन्दू फ्यूचर विंग्स फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए शनिवार को"हमर ठीहा" वृद्धाश्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस प्रयास की सराहना की।
फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती इन्दू पटेल ने बताया कि संस्था अब तक शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से कार्य करती रही है। इसी कड़ी में समाज के अति वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनकी सेवा के उद्देश्य से इस वृद्धाश्रम की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम का नाम छत्तीसगढ़ी संस्कृति और आत्मीयता को ध्यान में रखते हुए "हमर ठीहा – हमर घर, हमर चिन्हा" रखा गया है, जो बुजुर्गों को अपनेपन और सम्मान का एहसास कराएगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षद चैलेश्वरी साहू, अश्वनी निषाद, शंकरदेव, मिकी गुप्ता, अंबिका ध्रुव सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने फाउंडेशन की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए शुभकामनाएं दीं।
संस्था द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, फिलहाल वृद्धाश्रम में 17 बुजुर्गों का पंजीकरण किया गया है। यहां उनके लिए सुबह नाश्ते और दोपहर के भोजन की व्यवस्था के साथ-साथ मनोरंजन हेतु टेलीविजन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आने वाले समय में स्वास्थ्य जांच, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता जैसे कार्यक्रम भी संचालित करने की योजना है।
उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बदलते पारिवारिक परिवेश में कई बुजुर्ग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में "हमर ठीहा" जैसी पहल न केवल उन्हें सहारा देगी बल्कि समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश भी देगी।
कार्यक्रम का समापन बुजुर्गों के सम्मान और उनके सुखद एवं गरिमामय जीवन की कामना के साथ किया गया। नगरवासियों ने उम्मीद जताई कि यह संस्थान आने वाले समय में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक भरोसेमंद और आत्मीय केंद्र के रूप में स्थापित होगा।


