छात्र-छात्राओं और युवाओं के मार्गदर्शक कंजन सिंह ध्रुव का हुआ सम्मान
उत्तम साहू,नगरी। शिक्षा, समाज सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डाईट नगरी के सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री कंजन सिंह ध्रुव को आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज तहसील नगरी द्वारा सम्मानित किया गया। समाज की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना की गई।
यह सम्मान समारोह बुढ़ादेव मंदिर कर्णेश्वर धाम, देऊरपारा में आयोजित किया गया, जहां समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में सामाजिक जनों की उपस्थिति में श्री ध्रुव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी श्री कंजन सिंह ध्रुव समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रहे हैं।
श्री ध्रुव सामाजिक व्हाट्सएप समूहों एवं विभिन्न माध्यमों के जरिए छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा शिक्षित बेरोजगारों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। वे रोजगार संबंधी अवसरों, शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रवृत्ति योजनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से अनेक युवाओं को समय पर उपयोगी जानकारी प्राप्त हो रही है, जिससे उन्हें शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लाभ मिल रहा है।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में सही और प्रमाणिक जानकारी का प्रसार अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में श्री ध्रुव का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके कार्यों से युवाओं में जागरूकता बढ़ रही है तथा वे शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री कंजन सिंह ध्रुव ने आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज द्वारा दिया गया यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी समाजहित के कार्यों के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी तथा वे आगे भी समाज और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
कार्यक्रम में समाज के संरक्षक तुलाराम ओटी, धनसिंह नेताम, तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र ध्रुव, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोरी, कोषाध्यक्ष सुरेश ध्रुव, महासचिव नरेश छेदैहा, सहसचिव पुरन नेताम, वित्त सचिव मानिक नेताम, अंकेक्षक टीकम गंगेश, संचालक अशोक ध्रुव, अर्जुन मरकाम, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र राज ध्रुव, माखन ध्रुव, अवध मरकाम सहित समाज के वरिष्ठजन, महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ एवं कर्मचारी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी रहा। उपस्थित जनों ने श्री कंजन सिंह ध्रुव के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल और सक्रिय सामाजिक जीवन की कामना की।

