बड़ी ख़बर: 'खजाने' के लिए 8 लोगों की संदिग्ध मौत, कब्र खोदकर निकाला गया शव, शराब में जहर का शक!
बलौदाबाजार छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कसडोल थाना क्षेत्र के खरवे गांव में पिछले कुछ महीनों के भीतर कथित तौर पर 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
इस मामले में गांव के ही एक व्यक्ति, रामसाय जायसवाल पर गंभीर आरोप लगे हैं, जो गांववालों के अनुसार लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाता था।
कब्र खोदकर निकाला गया शव, फॉरेंसिक जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए, शनिवार को पुलिस और प्रशासन की टीम हरकत में आई। एक शव (मेहतरू साहू, उम्र 40, जिसकी मौत 14 मई को हुई थी) को कब्र खोदकर बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया कि शव के सैंपल लिए गए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है।
क्या 'खजाने' के लिए दी गई बलि?
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चा है। गांववालों का आरोप है कि आरोपी रामसाय जायसवाल जमीन में गड़े कथित खजाने (हंडा) को पाने के लिए इन लोगों की 'बलि' दे रहा था! हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, फरवरी 2026 से लेकर 14 मई तक एक-एक कर 8 लोगों की मौत हुई, मृतकों में बद्री पटेल, बुटालु साहू, छत्तरूराम साहू, बुदलू जायसवाल, विनोद साहू, गजानन मांझी, चैतु साहू और मेहतरू साहू शामिल हैं। मेहतरू को छोड़कर बाकी सभी मृतकों की उम्र 40 से 50 साल के बीच थी
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है क्या यह वाकई एक तांत्रिक क्रिया का हिस्सा था या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी साज़िश है? यह तो पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

