सूने मकान में लाखों के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, सोना गलाकर बिस्किट बनाने वाला सराफा कारोबारी भी दबोचा गया

0

 


सूने मकान में लाखों के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, सोना गलाकर बिस्किट बनाने वाला सराफा कारोबारी भी दबोचा गया



उत्तम साहू,धमतरी, 4 जून। धमतरी जिले के ग्राम कोसमर्रा में सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपियों को भखारा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, 10 ग्राम सोने का बिस्किट तथा वारदात में प्रयुक्त कुदाली बरामद की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई को वह परिवार सहित एक पारिवारिक कार्यक्रम में अभनपुर गए हुए थे। 17 मई को लौटने पर उनके घर का मुख्य दरवाजा और आलमारी का लॉक टूटा मिला तथा सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 हजार 700 रुपये आंकी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर थाना भखारा और साइबर टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली थी। चोरी के बाद दोनों ने जेवरात आपस में बांट लिए और नगदी खर्च कर दी।

पुलिस ने घनश्याम यादव की निशानदेही पर चोरी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त कुदाली बरामद की। इसके बाद रायपुर में रह रहे हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया। उसने भी अपने हिस्से के जेवरात पुलिस को सौंप दिए।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी का सोने का गुलबंद हार बेचने के लिए हेमंत ने अपने परिचित रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में ओमप्रकाश ने स्वीकार किया कि उसने गुलबंद को गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट बना दिया था। पुलिस ने उक्त सोने का बिस्किट भी बरामद कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से सोने की बाली, नथ, लॉकेट, टॉप्स, मंगलसूत्र, गुलबंद हार, चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, माला सहित अन्य आभूषण और वारदात में प्रयुक्त कुदाली जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम यादव (23 वर्ष), हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी (25 वर्ष) तथा रायपुर निवासी ओमप्रकाश सोनी (30 वर्ष) शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !