शिक्षा में किया गया निवेश कई गुना होकर लौटता है : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
धीवर समाज के प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर काउंसलिंग समारोह में 85 मेधावी विद्यार्थियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान
उत्तम साहू,धमतरी, 06 जून। शिक्षा और प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धीवर समाज द्वारा आयोजित कैरियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के 85 मेधावी छात्र-छात्राओं तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और एसडीएम पीयूष तिवारी ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 85 विद्यार्थियों को पुस्तक, कॉपी, पेन एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। राष्ट्रीय स्तर की कराते खिलाड़ी अंजली फूटान, रिया फूटान और संतोषी मत्स्यपाल को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “धीवर समाज गौरव सम्मान” से नवाजा गया।
अपने संबोधन में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर किया गया खर्च वास्तव में भविष्य में किया गया निवेश है, जिसका प्रतिफल कई गुना होकर समाज और देश को मिलता है। उन्होंने अभिभावकों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, आईआईटी, एनआईटी और प्रशासनिक सेवाओं जैसे बड़े लक्ष्यों के लिए तैयारी करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि समाज के सफल व्यक्तियों के अनुभव युवाओं के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने पर भी बल दिया।
एसडीएम पीयूष तिवारी ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश न होकर अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ने की सलाह दी।
कैरियर मार्गदर्शन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विषय चयन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। गणित के व्याख्याता एवं मास्टर ट्रेनर आलोक मत्स्यपाल ने इंजीनियरिंग क्षेत्र में अवसरों और गणित के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को नीट परीक्षा की तैयारी से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया। वाणिज्य संकाय के छात्रों को बैंकिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी और वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी गई।
मनोचिकित्सक निधि वर्मा ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने सकारात्मक सोच, नियमित अध्ययन और संतुलित दिनचर्या को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा के संरक्षक सेवकराम तारक, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कुमार धीवर, महासचिव डॉ. रामलाल पेंदरिया, अध्यक्ष परमेश्वर फूटान सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त कार्तिकराम हिरवानी का भी विशेष सम्मान किया गया।
समारोह में 300 से अधिक पालकों, छात्र-छात्राओं एवं समाजजनों की सहभागिता रही। शिक्षा, खेल और सामाजिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में प्रतिभाओं के सम्मान के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।



