संस्कारों की विरासत, सेवा का उपहार: पिता की पुण्यतिथि पर नगरी को मिला काउ कैचर वाहन

0

 

संस्कारों की विरासत, सेवा का उपहार: पिता की पुण्यतिथि पर नगरी को मिला काउ कैचर वाहन



उत्तम साहू,नगरी। सेवा, संवेदना और संस्कारों का सुंदर संगम उस समय देखने को मिला, जब नगरी नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी, गौसेवक एवं समाजसेवी प्रिंस गोलछा ने अपने स्वर्गीय पिता रिखाबचंद गोलछा की पुण्यतिथि पर नगरहित और गौसेवा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए काउ कैचर वाहन नगर पंचायत नगरी को भेंट किया। यह वाहन अब नगर में लावारिस, बीमार और असहाय गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशाला एवं कांजी हाउस तक पहुंचाने में उपयोगी साबित होगा।

प्रिंस गोलछा द्वारा किया गया यह सहयोग केवल एक वाहन का दान नहीं, बल्कि अपने पिता की स्मृतियों को जनसेवा और गौसेवा से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास है। लंबे समय से नगर में लावारिस गौवंश को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए समर्पित वाहन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नगर पंचायत के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण कई बार पशुओं को गौशाला या कांजी हाउस तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे समय में यह सहयोग नगर के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।

प्रिंस गोलछा पंडरीपानी गौशाला के अध्यक्ष भी हैं और गौसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका किसी परिचय की मोहताज नहीं है। उन्होंने अपने पिता की पुण्यतिथि को केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं बनाया, बल्कि उसे लोककल्याण और सामाजिक दायित्व के संकल्प दिवस के रूप में स्थापित किया।

अध्यक्ष की अपील पर लिया निर्णय

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि नगर में लंबे समय से काउ कैचर वाहन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने समाजसेवी प्रिंस गोलछा से सहयोग का आग्रह किया। नगरहित की इस आवश्यकता को समझते हुए प्रिंस गोलछा ने अपने स्वर्गीय पिता की पुण्यतिथि पर यह वाहन नगर पंचायत को समर्पित करने का निर्णय लिया।

अध्यक्ष ने कहा कि यह पहल बताती है कि सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं, बल्कि समाज के काम आने वाले कार्यों से दी जाती है। उनके इस निर्णय की नगरभर में सराहना हो रही है।

लोगों ने कहा—यह केवल दान नहीं, जिम्मेदारी का संदेश

नगरवासियों का कहना है कि आज के दौर में जहां स्मृति दिवस और पुण्यतिथि अक्सर औपचारिकताओं तक सीमित रह जाते हैं, वहीं प्रिंस गोलछा ने अपने पिता की स्मृति को जनहित से जोड़कर एक नई मिसाल पेश की है। यह पहल समाज के प्रति जिम्मेदारी, गौसेवा के प्रति समर्पण और पारिवारिक संस्कारों की सजीव अभिव्यक्ति है।

इस वाहन के माध्यम से अब सड़कों पर घूम रहे गौवंश को सुरक्षित ढंग से गौशाला और कांजी हाउस तक पहुंचाना आसान होगा। इससे गौवंश की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

जनसहयोग से बदल रही नगर की तस्वीर

नगर पंचायत नगरी की वर्तमान टीम को कार्यभार संभाले अभी लगभग 14 माह ही हुए हैं, लेकिन इस दौरान जनसहयोग के माध्यम से कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिली है। अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के नेतृत्व में नगर पंचायत लगातार समाजसेवियों, व्यापारियों और जागरूक नागरिकों को नगर विकास के कार्यों से जोड़ रही है।

इसी जनभागीदारी का परिणाम है कि नगर में विकास और सामाजिक सहयोग का एक सशक्त मॉडल उभरकर सामने आ रहा है।

पहले भी मिल चुका है समाजसेवियों का सहयोग

नगर के विकास में समाजसेवियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इससे पूर्व एमआईके ग्रुप के इमरान खान और इरशाद खान ने अपने स्वर्गीय पिता अब्दुल जब्बार खान की स्मृति में नगर पंचायत को पानी का टैंकर भेंट किया था। वहीं बच्चों और युवाओं के लिए लाइब्रेरी में उपयोगी पुस्तकों का सहयोग भी प्रदान किया गया।

इसी तरह व्यवसायी मोहन सोनी ने अपने पिता की स्मृति में दो स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध कराए, जबकि समाजसेवी अनिल वाधवानी ने मुक्तिधाम में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दिया।

गौसेवा के साथ जनसेवा का संदेश

नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा ने कहा कि यह पहल केवल एक सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गौसेवा के साथ जनसेवा, संवेदनशीलता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कारों के साथ समाजहित का सशक्त संदेश भी देती है।

कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल वाधवानी, पार्षद अश्विनी निषाद, हरीश साहू, देवचरण ध्रुव, राजा पवार, जयंती टुकेश्वरी साहू, अलका साव, मिकी गुप्ता, डागेश्वरी साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास सोनी, गोलू सोनी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

निश्चित रूप से स्वर्गीय रिखाबचंद गोलछा की पुण्यतिथि पर नगर पंचायत को मिला यह काउ कैचर वाहन आने वाले वर्षों तक जनसेवा और गौसेवा की प्रेरक मिसाल के रूप में याद किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !