नगरी..शाला प्रवेश उत्सव में गूंजा शिक्षा का संदेश, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत
मिठाई, तिलक और अध्ययन सामग्री देकर किया अभिनंदन, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
उत्तम साहू,नगरी। शासकीय प्राथमिक शाला बाँधापारा नगरी में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत नगरी की पार्षद एवं सभापति श्रीमती अलका साव रहीं। इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में श्रीमती अलका साव ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया।
संस्था प्रमुख कैलाश सोन ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और सपनों को साकार करने का केंद्र है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने बच्चों को स्नेहपूर्वक नेवता भोजन कराया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भोजन ग्रहण किया। साथ ही बच्चों को अध्ययन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कॉपी और पेन का वितरण भी किया गया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह झलकता रहा।
विद्यालय परिवार ने शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षिका किरणलता, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष राघवेन्द्र साहू, शिक्षाविद हुकुमचंद नाग, मानकी विश्वकर्मा, रेणुका निषाद, ललिता नेताम, खीरभान बिसेन, कमला नेताम, ईश्वरी समुंद, पालकगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।

