राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा: रायपुर पहुंचते ही अभनपुर रवाना, कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में करेंगे सीधा संवाद

0

 

राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा: रायपुर पहुंचते ही अभनपुर रवाना, कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में करेंगे सीधा संवाद

जिला और शहर अध्यक्षों के साथ होगी महत्वपूर्ण चर्चा, राजनीतिक बयानबाजी भी हुई तेज



रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को रायपुर पहुंचने के बाद सीधे अभनपुर के लिए रवाना हो गए, जहां कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उनका विशेष कार्यक्रम निर्धारित है। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी करीब चार घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे और पार्टी के जिला एवं शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

हालांकि कार्यक्रम को सार्वजनिक रूप से गोपनीय रखा गया है, लेकिन राहुल गांधी की एक झलक पाने और उनसे मुलाकात की उम्मीद लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अभनपुर पहुंचे हैं। सक्ती जिले के जैजपुर से आए ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि वे पहले भी बाइक से दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिलने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी थी। इस बार वे फिर बाइक से लंबा सफर तय कर अभनपुर पहुंचे हैं।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां "आलू से सोना निकालने" की ट्रेनिंग देने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है और राहुल गांधी को राम के अस्तित्व पर दिए गए अपने पुराने बयानों को याद करना चाहिए।

वहीं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा "एक्सीडेंटल विधायक" हैं और केवल सुर्खियां बटोरने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से हो रहा है।

राहुल गांधी के इस दौरे को कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से यह प्रशिक्षण शिविर विशेष महत्व रखता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !