कंगना रनौत के स्वागत में दिखा प्रीतेश गांधी का विशेष अंदाज, ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्क्रीनिंग में निभाई अहम भूमिका
उत्तम साहू,धमतरी। यथार्थ घटनाओं और सेवा भावना पर आधारित फिल्म भारत भाग्य विधाता की विशेष स्क्रीनिंग के अवसर पर राजधानी रायपुर में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के सह प्रदेश कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी चर्चा का केंद्र रहे। उन्होंने फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होने पहुंचीं अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप शॉल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रीतेश गांधी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इस क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग अपने समर्पण, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के कारण समाज में विशेष सम्मान के पात्र बनते हैं। उन्होंने बताया कि भारत भाग्य विधाता जैसी फिल्में समाज में सेवा भावना को नई पहचान देती हैं और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को प्रेरित करने का कार्य करती हैं।
उन्होंने मुंबई बम विस्फोट जैसे कठिन दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने जिस साहस, संवेदनशीलता और समर्पण का परिचय दिया, वह समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। इसी भावना को फिल्म में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
प्रीतेश गांधी ने कहा कि ईश्वर ने स्वास्थ्य सेवा को मानव कल्याण का सबसे प्रमाणिक माध्यम बनाया है। इस क्षेत्र में कार्यरत लोगों के योगदान का कोई विकल्प नहीं है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं पर आधारित फिल्मों का निर्माण समाज को सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ सेवा कार्यों के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करता है।
कार्यक्रम में विष्णु देव साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान प्रीतेश गांधी ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत का स्वागत करना उनके लिए गौरव और सम्मान का विषय है तथा इस तरह के सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच को बल मिलता है।

