चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया जेल
उत्तम साहू,धमतरी, 17 जून 2026। धमतरी पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम शहर में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमंत नगर जाने वाले मार्ग स्थित पुल के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे आसपास भय का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में वह हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी ओंकार उर्फ रवि रजक (25 वर्ष) निवासी रामसागर पारा, धोबी चौक, धमतरी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट के चार मामलों सहित गाली-गलौज, धमकी, मारपीट और चोट पहुंचाने से जुड़े कुल सात अपराध दर्ज हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने तथा आम नागरिकों में भय का वातावरण बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

