सिंगपुर में जल्द शुरू होगी बैंकिंग सुविधा, ग्रामीणों को मिलेगा वित्तीय सेवाओं का लाभ

0

 

सिंगपुर में जल्द शुरू होगी बैंकिंग सुविधा, ग्रामीणों को मिलेगा वित्तीय सेवाओं का लाभ

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया स्थल निरीक्षण, कहा- वित्तीय समावेशन से आदिवासी अंचल के विकास को मिलेगी नई गति



उत्तम साहू,धमतरी, 04 जून। आदिवासी बहुल एवं दूरस्थ ग्राम सिंगपुर के ग्रामीणों को जल्द ही बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा। इस दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम में बैंक शाखा खोलने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी-मगरलोड क्षेत्र के आदिवासी अंचल सिंगपुर का दौरा कर प्रस्तावित बैंक शाखा के लिए चयनित भवन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बैंक संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों के लोगों तक भी शहरी क्षेत्रों जैसी बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बैंक शाखा शुरू होने से ग्रामीणों को खाते खोलने, शासकीय योजनाओं की राशि प्राप्त करने, बचत, ऋण, बीमा और डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाएं गांव के समीप ही उपलब्ध होंगी। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से स्व-सहायता समूहों, किसानों, युवाओं तथा छोटे उद्यमियों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंच सकेगा। उन्होंने वित्तीय समावेशन को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि सिंगपुर में बैंक शाखा की स्थापना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा के लिए पुराने महिला स्व-सहायता समूह प्रशिक्षण केंद्र भवन का चयन किया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक अधोसंरचना एवं सुरक्षा व्यवस्था विकसित किए जाने के बाद शाखा का संचालन शुरू किया जाएगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के रीजनल मैनेजर विपिन सिंह चंदेल ने बताया कि बैंक शाखा प्रारंभ करने संबंधी अधिकांश औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। आरबीआई के निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप अंतिम प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त होते ही बैंकिंग सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव, एसडीएम नभ सिंह, सरपंच सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने की पहल का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया। ग्रामीणों का मानना है कि बैंक की स्थापना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !