विश्व पर्यावरण दिवस पर धमतरी पुलिस की अनूठी पहल, योग और पौधरोपण से दिया स्वस्थ व सुरक्षित भविष्य का संदेश
उत्तम साहू,धमतरी, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायी पहल करते हुए रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। यह उनके द्वारा आयोजित तीसरा योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर तथा पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित पांचवां योग अभ्यास कार्यक्रम था।
योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि योग तनाव को कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और शरीर को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। उल्लेखनीय है कि सूजय मंडल और रूची साहू को योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और प्रचार-प्रसार के लिए हाल ही में राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया गया है। उनके योगदान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ जुड़ना है, जो व्यक्ति को शरीर, मन और आत्मा से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा स्वभाव से चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग और प्राणायाम तनाव प्रबंधन का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित योग अपनाने तथा अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
योग शिविर के बाद पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान एसपी ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व भी है।
धमतरी पुलिस द्वारा स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार नवाचारपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। योग और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पुलिस बल को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, मीना साहू, यशकरण दीप ध्रुव, जिले के विभिन्न थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



