तीन महीने का प्रेम संबंध बना मौत की वजह, प्रेमी ने गला घोंटकर की हत्या, फिर शव को जला डाला
रायगढ़। तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर जली हुई अवस्था में मिली एक अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद शव को आग के हवाले कर पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और सतर्कता ने आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान 60 वर्षीय मंगरिता एक्का, निवासी जशपुर के रूप में हुई। 17 जून को मायाराम सालिकराम क्रेशर के समीप एक महिला का जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। शव की पहचान न होने के कारण मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सोशल मीडिया, तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस मृतका तक पहुंचने में सफल रही।
जांच के दौरान संदेह की सुई इमिलीयूस तिग्गा पर गई, जिसे जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह और मंगरिता एक्का पिछले करीब तीन महीने से पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक मृतका को आरोपी पर दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 17 जून को शराब पीने के दौरान दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। गुस्से में आकर आरोपी ने साड़ी से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी।
हत्या के बाद खुद को बचाने और पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। हालांकि पुलिस की जांच के सामने उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। आरोपी की निशानदेही पर पेट्रोल की बोतल, माचिस सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में इस घटना को लेकर व्यापक चर्चा बनी हुई है।

