धमतरी पुलिस ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: योग से तनावमुक्त और सशक्त पुलिस बल की दिशा में कदम
एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में रक्षित केंद्र धमतरी में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
उत्तम साहू,धमतरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाना, तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था। योग शिविर के दौरान आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या कु. रूची साहू ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान तथा श्वसन संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और मानसिक चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी जीवनशैली बनकर उभरा है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में बीते एक वर्ष के दौरान यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास शिविर रहा, जबकि सूजय मंडल एवं रूची साहू द्वारा संचालित यह चौथा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम है। लगातार आयोजित हो रहे ऐसे कार्यक्रम पुलिस बल में स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा दे रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन और आत्मा को संतुलित करने की भी एक प्रभावी प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब बड़ी संख्या में लोग मानसिक तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, तब योग की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट अनुलोम-विलोम करने की अपील की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग शिविर ने यह संदेश दिया कि एक स्वस्थ, तनावमुक्त और ऊर्जावान पुलिस बल ही समाज की बेहतर सुरक्षा और सेवा सुनिश्चित कर सकता है।
"योग अपनाएं, निरोग रहें" और "फिट पुलिस – सुरक्षित समाज" के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


