थाने के भीतर रिश्वत का खेल! 10 हजार लेते महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, ACB ने बिछाया जाल
जगदलपुर। कानून का पहरा देने वाले थाने के भीतर ही रिश्वतखोरी का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कोड़ेनार थाने में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद में समझौता कराने के नाम पर महिला प्रधान आरक्षक द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दी। शिकायत के बाद ACB ने पूरे मामले का सत्यापन किया और रिश्वतखोरी के आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
योजना के तहत शिकायतकर्ता केमिकल लगे 10 हजार रुपये लेकर महिला प्रधान आरक्षक के पास पहुंचा। जैसे ही रिश्वत की रकम उसे सौंपी गई, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला प्रधान आरक्षक को पकड़ लिया। कार्रवाई थाने के भीतर ही किए जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
ACB टीम ने आरोपी महिला प्रधान आरक्षक के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में जांच एजेंसी की नजर सरकारी विभागों पर लगातार बनी हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

