विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर 19 जुलाई को नगरी में सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक

0

 

विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर 19 जुलाई को नगरी में सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक

60 आदिवासी बाहुल्य गांवों की मूलभूत समस्याओं से लेकर 154 परिवारों की भूमि का मुद्दा रहेगा प्रमुख एजेंडे में


प्रतीकात्मक फोटो 

उत्तम साहू,नगरी/धमतरी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को नगरी में प्रस्तावित जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों सहित आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए 19 जुलाई को नगरी में सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।

सर्व आदिवासी समाज धमतरी के जिला अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई की अध्यक्षता में यह बैठक नगर पंचायत नगरी स्थित गोंडवाना समाज सामाजिक भवन, डिही में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगी।

बैठक में आगामी 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर नगरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके अलावा जिले के 60 आदिवासी बाहुल्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं, 154 आदिवासी परिवारों की भूमि कथित रूप से गैर-संवैधानिक तरीके से खरीदे जाने के कारण उनके भूमिहीन होने के विषय तथा ग्राम पंचायत सांकरा और बेलर को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने संबंधी मांग को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पर भी विचार-विमर्श होगा।

इसी तरह ग्राम पंचायत करैहा में औद्योगिक हब निर्माण के विरोध सहित अन्य सामाजिक, संवैधानिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक में गहन मंथन किया जाएगा। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ सर्व आदिवासी समाज को मजबूत बनाने और आगामी कार्ययोजना को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

जिलेभर के सामाजिक एवं संगठनात्मक पदाधिकारी होंगे शामिल

बैठक में सर्व आदिवासी समाज धमतरी, नगरी, मगरलोड, कुरुद एवं भखारा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जिला एवं तहसील अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा आदिवासी ध्रुव गोंड समाज, गोंडवाना समाज, कंवर समाज, आदिवासी नगारची समाज, हल्बा समाज, कंडरा समाज, भुंजिया समाज, कमार समाज, पारधी समाज एवं पठारी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

साथ ही समस्त परिक्षेत्र अध्यक्ष, मुड़ादार, पाली अध्यक्ष, ग्रामीण अध्यक्ष, महिला प्रभाग, युवा प्रभाग, आदिवासी छात्र संगठन तथा अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के जिला एवं तहसील पदाधिकारियों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है।

सर्व आदिवासी समाज जिला धमतरी के मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र राज ध्रुव ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उक्त जानकारी दी। उन्होंने समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से 19 जुलाई को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर होने वाले विचार-विमर्श को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !