पुरी रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, भारी भीड़ बनी मुसीबत; एक श्रद्धालु की मौत, 200 से अधिक की तबीयत बिगड़ी
पुरी। भगवान श्रीजगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान गुरुवार को आस्था का जनसैलाब उस वक्त मुश्किलों में बदल गया, जब पुरी के ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे कई लोग एक-दूसरे के बीच फंस गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दम घुटने से एक श्रद्धालु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। सांस लेने में तकलीफ, गर्मी और भीड़ के दबाव से प्रभावित 200 से अधिक श्रद्धालुओं को एंबुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर भीड़ को व्यवस्थित किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
प्रशासन पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रहा है तथा रथयात्रा मार्ग पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

