आस्था,भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गुंजायमान हुआ नगरी नगर

0

 

आस्था,भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गुंजायमान हुआ नगरी नगर



उत्तम साहू,नगरी। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा गुरुवार को नगरी नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण के बीच धूमधाम से निकाली गई। भगवान के दर्शन और रथ को खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पूरे नगर में "जय जगन्नाथ" के जयघोष गूंजते रहे और भक्त भजन-कीर्तन करते हुए रथयात्रा के साथ चलते रहे।



रथयात्रा का शुभारंभ राजा बाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से हुआ। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्रीजगन्नाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के उपरांत भगवान को सुसज्जित रथ में विराजमान कराया गया और नगरवासियों की उपस्थिति में रथयात्रा प्रारंभ हुई।

यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रास्ते भर श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर नाचते-गाते हुए भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते रहे। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथ का स्वागत कर पुष्प वर्षा की तथा भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रथ में विराजमान नगर पुरोहित ठकुरीधर शर्मा पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं को गजा-मूंग प्रसाद वितरित करते रहे। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों की सहभागिता ने रथयात्रा को भक्ति और सामाजिक समरसता का अनुपम उत्सव बना दिया।



पूरे आयोजन की व्यवस्था नगर व्यवस्था समिति द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से की गई। समिति के सदस्यों ने रथयात्रा के सफल संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रसाद वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाला। आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ और नगरवासियों ने भगवान श्रीजगन्नाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !