जनसुरक्षा के लिए नगर पंचायत का बड़ा कदम: आवारा कुत्तों पर शुरू हुआ विशेष अभियान, वैक्सीनेशन और नसबंदी से मिलेगा स्थायी समाधान
उत्तम साहू
नगरी। नगर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत नगरी ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों तथा एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियम, 2023 के तहत विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत आवारा कुत्तों का एंटी रेबीज वैक्सीनेशन, स्टेरलाइजेशन (नसबंदी) और डी-वॉर्मिंग की जा रही है, ताकि जनसुरक्षा के साथ पशु कल्याण भी सुनिश्चित हो सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि अभियान शुरू करने से पहले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वार्डवार सर्वे कर ऐसे आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की पहचान की, जिनसे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को खतरा बना हुआ था। इसके बाद धमतरी नगर निगम की विशेषज्ञ टीम ने नगर में विशेष अभियान चलाकर 9 आवारा कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनका वैक्सीनेशन, स्टेरलाइजेशन और डी-वॉर्मिंग कराने की प्रक्रिया शुरू की।
अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी भी पशु को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि मानव सुरक्षा और पशु संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना है। नसबंदी से आवारा कुत्तों की अनियंत्रित बढ़ती संख्या पर नियंत्रण होगा, एंटी रेबीज टीकाकरण से रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी की रोकथाम होगी और डी-वॉर्मिंग से कुत्तों का स्वास्थ्य बेहतर होगा। इससे भविष्य में कुत्तों के काटने और संक्रमण के मामलों में भी कमी आने की उम्मीद है।
नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए बताया कि कई वार्डों में रात के समय आवारा कुत्तों के झुंड राहगीरों का पीछा करते हैं और कई बार लोगों, विशेषकर बच्चों, को काटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में नगर पंचायत द्वारा शुरू किया गया यह अभियान लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करने वाला कदम है। नागरिकों ने मांग की कि इस तरह के अभियान नियमित अंतराल पर चलाए जाएं ताकि नगर में सुरक्षित, स्वच्छ और भयमुक्त वातावरण बना रहे।
नगर पंचायत ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और एबीसी नियम, 2023 के अनुरूप यह अभियान आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। उद्देश्य केवल आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करना ही नहीं, बल्कि रेबीज मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ नगरी का निर्माण करना भी है।

